Music

BRACKING

Loading...

परीक्षा विभाग में दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित, विश्वविद्यालय में आंकड़ा पहुंचा पंद्रह पार



 इंदौर, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) नालंदा परिसर में लगातार दूसरे दिन परीक्षा विभाग का कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला। यहां कर्मचारी के परिवार के कुछ सदस्यों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह जानकारी लगते ही बाकी कर्मचारी घबरा हुए हैं, क्योंकि एक दिन पहले ही इसी विभाग की एक महिला कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव हो चुकी है।

कर्मचारियों का कहना है कि परीक्षा और परिणाम संबंधित अपनी समस्या को लेकर विद्यार्थी सीधे अधिकारी व कर्मचारी से मिलते हैं। इस दौरान शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। उधर कर्मचारी संगठन ने पूरे स्टॉफ की जांच करवाने की मांग उठाई है।

कोरोना संक्रमण की तीसरे लहर आने के बावजूद डीएवीवी में कोरोना गाइडलाइन का बिलकुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। अब तक नालंदा व तक्षशिला परिसर में करीब 15 अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं। यहां तक कुलपति डॉ. रेणु जैन और उनके पति को सितंबर में संक्रमण हुआ था। ओपन बुक परीक्षा व जनरल प्रमोशन के परिणाम घोषित होने के बाद से विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिसर में आना शुरू हो चुका है। कईं बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि एक समय में 50 से 70 विद्यार्थी तक नालंदा परिसर में रहते हैं जबकि अधिकारियों ने जुलाई में अनलॉक होने पर कुछ व्यवस्थाओं में बदलाव किया था। अधिकारी-कर्मचारियों को विद्यार्थियों से सीधे संपर्क से बचाने के लिए विवि प्रशासन ने बाहरी खिड़की खोलने को कहा था। जिससे विद्यार्थी परिसर के भीतर न आएं और वहीं से आवेदन देकर अपनी समस्या का समाधान कर सकें। मगर चार महीने बाद भी ये व्यवस्था अभी तक शुरू नहीं हुई है। इसे लेकर कर्मचारी खासे नाराज है। उधर संक्रमितों के संपर्क में आने के बावजूद कर्मचारियों को छुट्टी पर नहीं भेजा जा रहा है। डीएवीवी गैर शिक्षक संघ के महासचिव चैनसिंह यादव और उपाध्यक्ष राकेश सिलावट का कहना है कि जिन विभागों में कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए हैं। वहां के सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच करवाई जाना चाहिए। मामले में प्रभारी रजिस्ट्रार अनिल शर्मा का कहना है कि कोरोना जांच के बारे में अधिकारियों से चर्चा का जल्द फैसला लिया जाएगा।

वन विभाग में भी दो कर्मचारी संक्रमित

नवरत्नबाग स्थित वन विभाग कार्यालय में भी कर्मचारी संक्रमित हुए हैं। बीते तीन दिन में दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हुए है। इनमें से एक कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती करवाया है। सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले विभाग में लकड़ियों की नीलामी रखी थी। वहीं से दोनों कर्मचारियों का संक्रमितों के संपर्क में आना बताया जा रहा है। वन विभाग में भी अब तक छह कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ