इंदौर,भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) इंदौर ने सिमरोल के सरकारी अस्पताल और पुलिस थाने को कीटाणु और वायरस नष्ट करने वाले उपकरण दान किए हैं। आइआइटी द्वारा खुद विकसित किए गए दो तरह के उपकरण थाने और स्वास्थ्य केंद्र को प्रदान किए गए हैं। इनमें से एक कमरे या परिसर को कीटाणु मुक्त कर सकता है जबकि दूसरा कागजों, फाइल आदि को कीटाणु वायरस मुक्त करने के काम आता है। आइआइटी के रजिस्ट्रार एसपी होटा व अन्य अधिकारियों ने ये उपकरण सौंपें।

आइआइटी के अनुसार दान किए गए उपकरणों में एक युवी सैनिटाइजेशन बॉक्स और एक युवी आर्म है। दोनों उपकरण पराबैंगनी (यूवी) विकिरण प्रणाली पर काम करते हैं। दोनों उपकरणों में यूवीसी लैंप का इस्तेमाल किया गया है। इससे निकलने वाली यूवी किरणें किसी तरह की सतह, पानी, हवा और असरंध्र वस्तुओं को कीटाणु मुक्त कर सकती है। कोविड-19 वायरस के खिलाफ भी यह प्रभावशाली पाया गया है।
आइआइटी ने कहा कि यूवी आर्म से महज आधे घंटे में 100 वर्गफीट क्षेत्र को कीटाणु मुक्त किया जा सकता है जबकि युवी बॉक्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि महज एक मिनट में वो बॉक्स में रखी गई पेपर, फाइनल अथवा अन्य किसी भी तरह की वस्तु को कीटाणुओं से मुक्त कर सकता है। आइआइटी ने दोनों संस्थानों के उपयोग के लिए उपकरण दिए हैं, क्योंकि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों न सिर्फ लोगों से सीधे जुड़े हैं बल्कि कोरोनाकाल में लगातार सेवाएं देते हुए लोगों के बीच पहुंच रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ