Music

BRACKING

Loading...

शिवपुरी : 2 माह में 20 करोड़ रु. ठगी

प्याज व्यापारी खुद के नियम-शर्तोंं से खरीद रहे प्याज, भाव तय कर मंडी के बाहर कर रहे तौल


शहर की पिपरसमां अनाज मंडी में प्याज की बंपर आवक के साथ किसानों को मनमाने ढंग से ठगा जा रहा है। व्यापारी खुद के नियम-शर्तें लागू कर प्याज खरीद रहे हैं और दो महीने में किसानों से 20 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हड़प चुके हैं। यह तीन साल पहले मंडी में हुए भावांतर घपले से तीन गुना बड़ी ठगी है। हर किसान से करीब साढ़े चार हजार रुपए अवैध तरीके से वसूले जा रहे हैं।

दरअसल हर किसान से 42 किलाे प्याज तौलकर भुगतान 40 किलाे का कर रहे हैं। इसी के साथ 5% आढ़त अलग से काटी जा रही है। ऊपर से प्रति ट्रॉली 400 रु. बतौर तौल के हिसाब से किसानों से हिस्से से काटे जा रहे हैं लेकिन अफसोस की बात यह है कि मंडी प्रबंधन हथियार डालकर बैठ गया है। भारसाधक के रूप में प्रशासन के हाथ में मंडी की बागडोर होते हुए भी अफसर प्याज व्यापारियाें पर लगाम नहीं कस पा रहे। ऊपर से खेल मंत्री के निर्देश के बाद भी मंडी प्रबंधन और प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।

हर दिन 35.20 लाख की अवैध वसूली, क्योंकि राेज औसतन 800 ट्रॉली प्याज की आवक: पिपरसमां अनाज मंडी में अप्रैल में प्याज की आवक शुरू हाे गई थी। किसान 100 से 1200 ट्रॉली प्याज ला रहे थे। राेज औसतन 800 ट्रॉली प्याज की आवक रही। प्रति ट्रॉली 4400 रु. के मान से 35.30 लाख रुपए की वसूली हुई है। अप्रैल व मई का दो महीने का आंकलन करें तो 20 करोड़ रु. से अधिक की अवैध वसूली किसानों से हो चुकी है जबकि साल 2018 में मंडी में हुई प्याज खरीदी में 6 करोड़ का भावांतर घपला हुआ था।
तौल मंडी से बाहर हो रही ताैल इसलिए व्यापारी कर रहे मनमानी
खेल मंत्री ने अवैध वसूली रोकने के निर्देश दिए तो एसडीएम ने आढ़त न लेने और अधिक प्याज न तौलने को लेकर आदेश जारी कर दिया। सचिव ने मंडी परिसर में बैनर टंगवाकर अनाउंसमेंट कराकर इतिश्री कर ली। फिर भी व्यापारी नहीं मान रहे। मंडी प्रांगण में 37/1 की पर्ची (नीलामी बोली वाली) नहीं काटी जा रही। ऊपर से प्याज की ताैल भी बाहर हो रही है। मंडी प्रबंधन और प्रशासन नीलामी पर्ची कटवाने के साथ तौल भी मंडी परिसर में तौल शुरू करा दे तो यह लूट खसोट अपने आप बंद हो जाएगी।

मंत्री के निर्देश के बाद भी नहीं रुकी किसानों से ठगी, हर ट्रॉली के 400 रुपए भी अलग से वसूल रहे
किसान जिनसे 5% आढ़त काटी, एक मन पर दो किलो अधिक प्याज ली

  1. सतेरिया गांव के किसान वीरू रजक का कहना है कि दो ट्रॉली प्याज लेकर आए थे। व्यापारी ने एक मन पर 2 किलो ज्यादा प्याज अधिक तौली और 5% कमीशन अलग से काट लिया। ऊपर से ट्रॉली तुलाई के 400 रु. भी अलग से काट लिए। हमें आठ हजार रुपए काटकर भुगतान दे रहे हैं। दूसरे किसानों से भी इसी तरह कमीशन काट रहे हैं।
  2. ककरवाया गांव के किसान घनश्याम रावत ने मंडी सचिव को लिखित शिकायत की है कि कुशवाह/धाकड़ एंड कंपनी ने 2.70 क्विंटल प्याज तुलवाई। जिस पर 5% कमीशन और दो किग्रा प्रति मन प्याज अधिक तौली। इससे पहले 25 क्विंटल प्याज फिर से इसी के यहां तुलवाई थी। उसमें भी पांच प्रतिशत कमीशन व 2 किग्रा अधिक प्याज ली थी जिसका भुगतान नहीं किया।

मंडी में ये व्यापारी कर रहे प्याज की खरीदी, इन्हीं में अधिकतर 5% कमीशन वसूल रहे

मोहम्मद जीशान, कल्याण धाकड़, अनिल खटीक, मदन कुशवाह, जितेंद्र कुमार धाकड़, रहीस खान, आमिर खान, गजरात सिंह कुशवाह, रियाज खान, सुनील वर्मा, मोहम्मद इरशाद, फिरोज खान, रायसिंह कुशवाह, ब्रजमोहन धाकड़, शाकिर खान, जुगल किशाेर भुगरा, सलीम पहलवान, अमरसिंह धाकड़, इस्लाम खान, आविद हुसैन, आरिफ खान आदि द्वारा पिपरसमां मंडी में किसानों की प्याज खरीदी जा रही है। इन्हीं में से अधिकांश व्यापारी 5% आढ़त काट रहे हैं जबकि आढ़त का प्रावधान ही नहीं है। साथ ही प्रति मन (एक मन में 40 किलाे) दो किलाे अधिक प्याज ली जा रही है। प्रति डाला चार सौ रु भी ले रहे हैं।

मामला मेरे संज्ञान में नहीं
^किसानों से हम 5% आढ़त और दो किग्रा प्याज अधिक नहीं ले रहे हैं। इस तरह का मामला भी हमारे संज्ञान में नहीं आया है। हम अपने बच्चे पाल रहे हैं। रही बात किसानों की तो उन्हें प्याज का अच्छा रेट मिल रहा है।
इरशाद राईन, अध्यक्ष, थोक सब्जी व्यापार संघ, शिवपुरी
भोपाल बात पहुंचाएंगे

^शिवपुरी मंडी में किसानों से प्याज खरीदी में 5% आढ़त और दो किग्रा अधिक प्याज तौलकर लूटखसोट नहीं होने देंगे। हम पार्टी और शासन के संज्ञान में इस मामले को लाएंगे। भोपाल तक इस बात को पहुंचाएंगे।
सोनू बिरथरे, जिलाध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा, शिवपुरी
मामले को दिखवाएंगे

^किसानों से अधिक तौल और पांच प्रतिशत कमीशन यदि बंद नहीं हुआ तो इस मामले को दिखवाएंगे। ऐसा कौन व्यापारी कर रहा है, इस बारे में पता लगाकर कार्रवाई करेंगे।
उमेश शुक्ला, अपर कलेक्टर शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ