भोपाल मप्र में कोरोना के नए केसों की संख्या अब 500 से भी कम हो गई है। बुधवार को 453 केस मिले। इसके साथ ही 52 में से 50 जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर 2 प्रतिशत से नीचे आ गई है। सिर्फ इंदौर में 2.1% और भोपाल में 2.2% पॉजिटिविटी रह गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कोरोना समीक्षा बैठक में यह जानकारी सामने आई। इसमें बताया गया कि रिकवरी रेट भी 100% के करीब यानी 98% हो गया है। ताजा हालातों के मद्देनजर 15 जून से पहले ही ढील बढ़ाई जा सकती है। मॉल, सिनेमाघर, स्वीमिंग पूल समेत बाकी निर्णय 15 जून के बाद ही लिए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार संक्रमण की दृष्टि से देश में प्रदेश का अब 23वां स्थान है। सीएम ने कहा कि अब ऐसे प्रयास किए जाएं, जिससे प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर आती भी है तो उसका असर हो ही नहीं या काफी कम रहे। अधिक से अधिक टेस्टिंग जारी रखी जाए। लोगों के पास जा-जाकर टेस्ट हों। कोरोना संक्रमित को तलाशकर उसे आइसोलेट कर उसका उपचार किया जाए। वैक्सीन कोरोना का सुरक्षा कवच है। प्रदेश में कोरोना टीकाकरण का सघन अभियान चलाया जाए।
प्रदेश का हाल : छह जिलाें में 10 से ज्यादा केस
- एक्टिव केस 7071 रह गए हैं। साप्ताहिक पॉजिटिविटी 0.8% तथा बुधवार की पॉजिटिविटी 0.6% है।
- छह जिलों में ही अब 10 से अधिक केस। इंदौर में 144, भोपाल में 104, जबलपुर में 39, उज्जैन में 13, बैतूल में 12 तथा रतलाम में 11 नए केस आए हैं।
- 10 जिलों आलीराजपुर, भिंड, दतिया, डिंडोरी, गुना, हरदा, मंडला, श्योपुर, सिंगरौली तथा टीकमगढ़ में कोरोना का कोई भी नया केस नहीं मिला।
- आलीराजपुर जिला कोरोना संक्रमण मुक्त हो गया है।

0 टिप्पणियाँ