शिवपुरी कोरोना के चलते इस बार परीक्षा परिणाम का पैटर्न कुछ अलग रहा। एमपी बोर्ड ने कक्षा 12 का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया। इसमें 10वीं के अंकों के आधार पर अंक दिए गए। शहर के टॉपर्स ने परिणाम पर संतुष्टि जताई है।
संस्कार स्कूल में पढ़ने वाली किसान महेंद्र सिंह दांगी की बेटी कल्पना दांगी ने 97.8 फीसदी अंक हासिल किए हैं। कल्पना का कहना है कि यदि परीक्षा होती तो वह 100 फीसदी अंक लाती, क्योंकि उसने तैयारी ही इस तरह की कर रखी थी। पुराने अंकों के आधार पर यह अंक मिले हैं, इसलिए दोबारा परीक्षा तो नहीं देंगे। अब वह डिप्टी कलेक्टर बनना चाहती हैं।
उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र गोविंद धाकड़ पुत्र गेंदालाल धाकड़ ने 95.6% अंक हासिल किए हैं। वे दोबारा परीक्षा देना नहीं चाहते। वे अब पीएससी की तैयारी करेंगे। ऑटो चालक हेमंत भार्गव की बेटी शैलजा भार्गव ने उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा के रूप में 95 फीसदी अंक हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा 10 में जो प्रतिशत था, वही मुझे कक्षा 12 में मिला है। यह बात सही है कि हमारी परीक्षा होती तो अधिक अंक आते लेकिन हम दोबारा परीक्षा नहीं देंगे। अब मुझे जेईई परीक्षा देना है और इंजीनियर बनना मेरा सपना है।

0 टिप्पणियाँ