शिवपुरी शिवशक्ति नगर शिवपुरी में रहने वाले परिवार एक गलत निर्माण को लेकर विरोध में सड़क पर उतर आए। टीवी टॉवर रोड पर खाली फुटपाथ पर पिलर बनाकर पक्के निर्माण की तैयारी करने पर मोहल्ले के लोग विरोध कर रहे हैं। शिवशक्ति नगर के करीब 25 लोग रविवार को ढाई घंटे तक सड़क पर खड़े रहकर निर्माण का विरोध करते रहे।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि आजाद जैन नामक व्यक्ति ने मकान के आगे सड़क के फुटपाथ पर पक्का निर्माण करने के लिए पिलर तैयार कर लिए हैं। इस अवैध निर्माण को रुकवाने के लिए गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय शिवपुरी और कलेक्टोरेट कार्यालय में लिखित शिकायत की थी, लेकिन नगर पालिका और कलेक्टोरेट की तरफ से अवैध निर्माण रुकवाने कोई आगे नहीं आया है। शिवशक्ति नगर के करीब 25 लोग रविवार को सड़क पर उतर आए। अधिकारियों के आने के इंतजार में करीब ढाई घंटे तक खड़े रहे। नाराज लोगों का कहना है कि वह किसी भी सूरत में अवैध निर्माण नहीं होने देंगे। लोगों का कहना है कि अगर पिलर बन गया तो आए दिन यहां हादसे होंगे। सबसे ज्यादा मोहल्ले के लोग होंगे। इसके जिम्मेदार नगर पालिका औरर प्रशासन के अफसर होंगे।
3-4 फीट छज्जा निकाला, 1 फीट गली भी घेर ली
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मकान निर्माण करके तीन से चार फीट का छज्जा निकाल लिया। यही नहीं एक फीट जगह गली की भी घेर ली है। इसका किसी ने विरोध नहीं किया इसलिए मकान के आगे अब फुटपाथ पर अतिक्रमण की कोशिश की जा रही है। वहीं मोहल्ले के लोगों द्वारा विरोध जताने पर फिलहाल काम बंद है, लेकिन मोहल्ले वाले पिलर हटाने की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार को फिर ज्ञापन देंगे, सुनवाई नहीं हुई तो हड़ताल करेंगे
अवैध निर्माण को लेकर विरोध जता रहे नीलम कुशवाह, हेमंत सेन, रवि भार्गव, सुरेश कुशवाह आदि का कहना है कि मुख्य सड़क के फुटपाथ पर पिलर बनाकर पक्के निर्माण की कोशिश की जा रही है। लिखित शिकायत पर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया है। अब मंगलवार को फिर से ज्ञापन देंगे। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो हड़ताल करेंगे, लेकिन पक्का निर्माण किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे।
वजह : अवैध निर्माण हुआ तो हादसे होंगे, लोगों को खतरा
शिव शक्ति नगर के लोगों का कहना है कि मकान के आगे पक्का निर्माण कर लेने के बाद कॉलेज तरफ से आने वाले वाहन दिखाई देना बंद हो जाएंगे। मोहल्ले से मुख्य सड़क पर आने पर हादसे की आशंका हमेशा बनी रहेगी। इस कारण मोहल्ले के लोगों को हमेशा खतरा बना रहेगा इसलिए हर हाल में निर्माण रुकना चाहिए।
सोमवार को मौके पर जाकर स्थिति का पता लगाएंगे
मोहल्ले वालों द्वारा अवैध निर्माण का विरोध किया जा रहा है, इस संबंध में मेरे पास भी शिकायत आई है। सोमवार को मौके पर जाकर स्थिति का पता लगाएंगे। यदि निर्माण गलत हो रहा है तो रुकवाने की कार्रवाई करेंगे। मोहल्ले वालों को परेशानी नहीं आने देंगे। इस बारे में मोहल्ले वालों को पूरी तरह आश्वस्त करना चाहता हूं कि उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। -जीपी भार्गव, सीएमओ, नगर पालिका शिवपुरी

0 टिप्पणियाँ