शिक्षा जीवन का मूलभूत आधार है। उत्तम शिक्षा के माध्यम से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल, विकसित और उन्नत होता है। यह बात शासकीय माध्यमिक विद्यालय धमना में शिक्षण सत्र के समापन के अवसर पर आयोजित प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान शनिवार को सेवानिवृत प्रधानाध्यपक सीताराम प्रजापति ने कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लिए तीव्र प्रयासों की आवश्यकता है। गांव का हर बच्चा शिक्षित हो। तभी हमारा गांव,विकासखंड जिला पूर्ण रूप से सुशिक्षित कहलाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्था प्रधान हरदास वर्मा ने बच्चों व पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा मनुष्य के भीतर अच्छे विचारों का निर्माण करती है, मनुष्य के जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है।
बेहतर समाज के निर्माण में सुशिक्षित नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इंसानों में सोचने की शक्ति होती है इसलिए वो सभी प्राणियों में श्रेष्ठ है लेकिन अशिक्षित मनुष्य की सोच पशु के समान होती है। वो सही गलत का फैसला नहीं कर पाता। इसलिए शिक्षा मानव जीवन के लिए जरूरी है, जो उसे ज्ञानी बनाती है। उन्होंने कहा कि हम सभी का प्रयास बच्चों को उत्तम जीवनोपयोगी शिक्षा देने का रहा है। जिसे हम आगे भी जारी रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनोज उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के संयोजक महेंद्र शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, सुमानी खान, महेंद्र शर्मा, प्रमुख रूप से उपस्थित थे। अंत में महेंद्र शर्मा ने सभी का आभार किया।
0 टिप्पणियाँ