तबियत खराब होने पर पिता अपने बेटे की बारात में नहीं गया। घर वापसी पर दूल्हा बने बेटे और उसकी मां ने बारात में नहीं जाने पर आपत्ति जताई। अपनी बात रखने पर दूल्हे ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की मारपीट कर दी। आंख के ऊपर चोट लगने से पिता का खून बहने लगा। बैराड़ थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर उसके बेटे व पत्नी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।
फरियादी राजू (45) पुत्र बाबूलाल ओढ़ निवासी मुक्तिधाम के पीछे बैराड़ की बुधवार को उसके बेटे व पत्नी ने मारपीट कर दी। राजू ओढ़ ने दोनों के खिलाफ बैराड़ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। राजू का कहना है कि बेटे सम्मो की 3 मई को शादी थी। तबियत खराब होने की वजह से बारात में नहीं जा सका। 4 अप्रैल की शाम 6 बजे घर पर बैठे बारातियों के लिए खाना बनवा रहा था।
तभी मेरी पत्नी धनिया ओढ और बेटा सम्मो गाली गलौज करने लगे। कहने लगे कि बारात में क्यों नहीं गया तो मैंने कहा कि गाली मत दो तो, मेरी तबियत सही नहीं थी। इसी बात से बेटा सम्मो और मेरी घर वाली धनिया ने धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। बेटे ने डंडा मारा जो बांयी आंख की भौंह में लगा और खून निकल आया। राजू का बैराड़ अस्पताल में इलाज किया गया। पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

0 टिप्पणियाँ