हर-घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से आज शिवपुरी शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा हवाई पट्टी से प्रारंभ होकर गुना नाका से पोहरी चौराहा, ग्वालियर बायपास, माधव चौक, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड से पोलो ग्राउंड पर पूर्ण हुई। यात्रा के समापन के दौरान कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने सभी को अपने घरों, प्रतिष्ठानों आदि पर 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराने की शपथ भी दिलाई।
उक्त राज्यमंत्री दर्जा श्री प्रहलाद भारती, विधायक कोलारस श्री वीरेन्द्र रघुवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजू बाथम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह चंदले एवं बड़ी संख्या में पुलिस, सीआरपीएफ, आइटीबीपी, एसएएफ एवं कई सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि एवं सदस्य तथा शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुई।
यात्रा में सभी लोग अपने वाहनों पर एवं हाथों में तिरंगा थामे चल रहे थे और भारत माता की जय, हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा, बंदे मातरम् के नारे लगा रहे थे। नगर में अनेक स्थलों पर नागरिकों, संगठनों द्वारा तिरंगा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
रैली के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि 13 अगस्त से 15 अगस्त 2022 के बीच सभी नागरिक अपने घरों पर, प्रतिष्ठानों पर, कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी को तिरंगा झण्डा संहिता की जानकारी दी तथा हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर 13 से 15 अगस्त के मध्य राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ