शिवपुरी के होटल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुस्लिम युवक को एक युवती के साथ पकड़ा। इस पर आरोपी युवक ने अपने साथियों को बुलाकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी कर दी। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे उन्होंने आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। कुछ देर बाद पुलिस से चर्चा होने के बाद आरोपी युवक व युवती को पकड़कर थाने ले गए।
बजरंग दल जिला संयोजक उपेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक युवक लव जिहाद के इरादे से युवती को होटल में लेकर गया है। वे अपने दो साथियों के साथ होटल पहुंचे। यहां आरोपी माेहम्मद परवेज मेडिकल कॉलेज में पैरा मेडिकल स्टाफ के रूप में पदस्थ है। वह गुना की रहने वाली कॉलेज की एक छात्रा के साथ होटल के कमरे में था। जब उनसे पूछताछ की तो परवेज ने अपने दो साथियों को बुलाकर उनसे व उनके साथी कार्यकर्ताओं को गाली गलौज करते हुए धमकी दी।
आरोपी को ले गए सिटी कोतवाली
आरोपी के साथियों ने बजरंग दल के जिला संयोजक उपेंद्र यादव के साथ झूमाझटकी की। जिसे देख बजरंगी भड़क गए। मौका पाते ही दोनों युवक फरार हो गए। बजरंगियों ने मुस्लिम युवक और युवती को पकड़ लिया। बजरंग दल के जिला संयोजक का कहना है कि उन्होंने मौके से शिवपुरी एसडीओपी अजय भार्गव से फोन पर बात की थी। उन्होंने युवक-युवती को सिटी कोतवाली लाने के लिए कहा था।
थाने में धरने पर बैठे बजरंग दल के कार्यकर्ता
बजरंगी युवक-युवती को लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम युवक पर कार्रवाई करने की मांग की। इसी दौरान थाने में पदस्थ एएसआई प्रियंका पाराशर से कार्रवाई को लेकर बजरंग दल के जिला संयोजक की बहस हो गई।एएसआई प्रियंका पाराशर ने बजरंगियों को खरी-खोटी सुनाई। इससे गुस्साए बजरंगी नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। काफी देर चली गहमा गहमी के बाद शिवपुरी एसडीओपी अजय भार्गव कोतवाली पहुंचे। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद सहित बजरंग दल के पदाधिकारियों से बात करते हुए बताया कि युवती के माता-पिता थाने पहुंच गए हैं। वह युवती से बात कर रहे हैं।
ग्वालियर का रहने वाला है आरोपी, 2 बच्चों का पिता
विश्व हिंदू परिषद के जिला पदाधिकारी विनोद पुरी गोस्वामी ने बताया कि आरोपी मोहम्मद परवेज ग्वालियर का रहने वाला है। शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल स्टाफ है और ये शादीशुदा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि युवक ने अब तक कई लड़कियों को अपना निशाना बनाया है। आज एक बार फिर मेडिकल कॉलेज की स्टूडेंट को बहलाफुसला कर होटल ले गया था। एसपी राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि युवती के माता-पिता गुना से शिवपुरी पहुंच चुके हैं। चूंकि दोनों बालिग हैं। जैसे ही युवती बयान दर्ज कराएगी, उसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ