MP के शिवपुरी में एयरफोर्स का फाइटर प्लेन क्रैश, खेत में गिरते ही मिराज-2000 में लगी आग; दोनों पायलट सुरक्षित, किसान बोला- फसल हुई बर्बाद
शिवपुरी जिले के बहरेटा सानी गांव के पास दोपहर करीब 2.40 बजे वायुसेना का टू-सीटर फाइटर प्लेन मिराज-2000 क्रैश हो गया। हादसे से पहले पायलट विंग कमांडर विराज भोला और पायलट विक्रांत जाधव ने खुद को सुरक्षित इजेक्ट कर लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
कैसे हुआ हादसा -
ग्वालियर एयरबेस से वायुसेना के तीन फाइटर प्लेन ने नियमित प्रशिक्षण उड़ान भरी थी, जिनमें से एक विमान तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही एयरफोर्स की टीम हेलिकॉप्टर से मौके पर पहुंची और दोनों पायलटों को सुरक्षित ग्वालियर ले जाया गया।
किसान बोला- मेरी फसल बर्बाद हो गई
जिस खेत में विमान गिरा, वह एक स्थानीय किसान का था। हादसे के बाद आग लगने से उसकी फसल जलकर राख हो गई। किसान ने बताया, "मेरे खेत में गेहूं और सरसों की फसल लहलहा रही थी, लेकिन प्लेन गिरते ही आग लग गई और सब कुछ बर्बाद हो गया।" अब किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहा है।
ग्रामीणों में मची हलचल
विमान खेत में गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। शिवपुरी एएसपी संजीव मुले ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
एयरफोर्स ने दिए जांच के आदेश
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि मिराज-2000 ट्रेनिंग उड़ान के दौरान सिस्टम फेल होने के कारण क्रैश हुआ। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

0 टिप्पणियाँ