सरसों की कटी फसल में लगाई आग : जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद, परिवार के लोगों पर पर आरोप, पीड़ित ने थाने में की शिकायत
शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र के लंकापुरा में एक किसान की कटी हुई सरसों की फसल में आग लगाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित प्रदीप वैरागी ने थाना कोलारस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, वह वर्षों से अपनी जमीन पर बटाई से खेती करता आ रहा है। इस वर्ष भी सरसों और मसूर की फसल बोई गई थी। पारिवारिक बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के कारण उनके परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा उन्हें व उनके बटाईदारों—मुरारी पाल व बहादुर पाल—को लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
प्रदीप ने बताया गया कि आज दिनेश त्यागी, उमेश त्यागी, रत्नेश त्यागी, अंकित त्यागी और बिनीता (पत्नी हरिदास त्यागी) ने रंजिशन खेत पर पहुंचकर सरसों की फसल में आग लगा दी। आगजनी से करीब 1 लाख रुपये की फसल जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत कोलारस की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड की है, जो इस आरोप की पुष्टि करता है। प्रदीप वैरागी ने थाना प्रभारी से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ