बिर्रा (जांजगीर): जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, बिर्रा के मेधावी छात्र क्रिश देवांगन का जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन होने पर पूरे विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र के इस उज्ज्वल बच्चे की सफलता ने स्थानीय शिक्षा स्तर को नई ऊँचाई प्रदान की है। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने इस खुशी के अवसर पर क्रिश के निवास पहुँचकर उन्हें पुष्पहार भेंट किया तथा उनके माता-पिता व परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। जय भारत स्कूल के संचालक श्री एस.एल. चंद्रा ने गर्व से बताया कि विद्यालय से अब तक कुल 7 छात्रों का चयन नवोदय विद्यालय में हो चुका है। उन्होंने कहा, "यह हमारी उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति और ग्रामीण बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का प्रमाण है।"
ग्राम पंचायत बिर्रा के पंच वार्ड क्रमांक 09 एवं निर्माण एवं विकास कार्य समिति के अध्यक्ष श्री एकांश पटेल ने कहा, "जय भारत स्कूल का रिजल्ट हमेशा शानदार रहता है। यहाँ के बच्चे जीनियस हैं और उनकी मेहनत ग्रामीण शिक्षा को मजबूत बना रही है।" प्रतिवर्ष नवोदय सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले बिर्रा के ये बच्चे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं।
विद्यालय परिवार ने क्रिश देवांगन सहित सभी ग्रामीण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

0 टिप्पणियाँ