शिवपुरी जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी के बैनर तले नरवर कस्बे में प्रदर्शन किया गया। अध्यक्ष विक्रम रावत बनियानी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एक खंबी चौराहे पर एकत्रित हुए और रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां तहसीलदार संतोष धाकड़ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेसियों ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। इसमें कहा गया कि सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित है, जबकि गेहूं की एमएसपी पर खरीदी 7 अप्रैल से शुरू होगी। ऐसे में किसानों को राहत देते हुए ऋण जमा करने की तिथि आगे बढ़ाई जाए, ताकि किसान फसल बेचकर बिना ब्याज के ऋण चुका सकें।
इसके अलावा अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील में सोयाबीन ऑयल के टैक्स फ्री आयात पर रोक लगाने की मांग की गई, जिससे देशी किसानों को नुकसान न हो। वहीं, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का सर्वे कराकर जल्द मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की भी मांग उठाई गई।
किसानों ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4000 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग भी की, ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
कांग्रेसियों चेतावनी दी गई कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
फायर ब्रिगेड की भी उठाई मांग -
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस समय गेहूं की फसल तैयार है और आए दिन आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सीहोर थाना क्षेत्र में अस्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने की मांग की गई।
इस दौरान जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस पुरुषोत्तम रावत, पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव, सुरेंद्र कोली, रुकसाना खान, सौरभ माहेश्वरी, हीरा कुशवाह, जगदीश परमार, अजमेर रजक, गोपाल पाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ