शिवपुरी (दिनारा): दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। छितीपुर गांव में त्योहार पर घर की लिपाई-पुताई के लिए खेत में मिट्टी खोदने गई 18 वर्षीय युवती का पैर अचानक फिसलने से वह कच्चे कुएं में जा गिरी। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद युवती को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जिस घर में बेटी की सगाई के बाद दीपावली और शादी की खुशियों की तैयारियाँ चल रही थीं, वहाँ अचानक चीख-पुकार और मातम सन्नाटा पसर गया।
मिट्टी खोदते समय अचानक फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छितीपुर गांव की रहने वाली सोनम जाटव (18 वर्ष), पुत्री सुरेश जाटव, रविवार दोपहर अपने खेत पर बनी मिट्टी की खदान/कच्चे कुएं के समीप घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोदने गई थी। मिट्टी निकालने के दौरान अचानक उसका पैर अनियंत्रित होकर फिसल गया और वह सीधे गहरे कच्चे कुएं में जा समाई।
ग्रामीणों ने 2 घंटे तक किया रेस्क्यू, कांटे की मदद से निकाला शव
हादसे की खबर फैलते ही बदहवास परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और दिनारा थाना पुलिस को भी सूचना दी। ग्रामीणों ने रस्सी और कांटे की मदद से लगभग दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की और सोनम को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सगाई हो चुकी थी, त्यौहार की तैयारियों में जुटा था परिवार
ग्रामीणों ने बताया कि सोनम की सगाई हो चुकी थी और पूरा परिवार इस बार की दीपावली को लेकर बेहद उत्साहित था। बेटी अपने हाथों से घर को सजाने-संवारने के लिए मिट्टी लेने गई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जवान बेटी की इस तरह अचानक हुई मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ