शिवपुरी ऐसे बालक -बालिका जिनकी पारिवारिक आर्थिक और सामाजिक परेशानियों के कारण स्कूल छूट गया उन बच्चों को चिन्हित करने का काम पैरा लीगल वालंटियर का है। और इस दिशा में उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी प्रकार से कोई भी बच्चा पढ़ाई से ना छूटे।
यह बात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला मुख्यालय शिवपुरी में आयोजित की गई नवनियुक्त पैरा लीगल वालंटियर की बैठक में जिला न्यायाधीश और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अर्चना सिंह ने कही।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न योजनाओं के लिए चयनित हितग्राहियों को उनका लाभ मिल पा रहा है या नहीं यह सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण युवाओं को रोजगार उन्मुख करने अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग पैरा लीगल वालंटियर्स को नियुक्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। पैरा लीगल वालंटियर को समाज के विभिन्न वर्गों में जागरूकता फैलाए जाने और उनकी मदद किए जाने के संबंध में ड्यूटी लगाई गई। शिखा शर्मा, जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा नवीन पैरा लीगल वालंटियर को विभिन्न योजनाओं जैसे निशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, के संबंध में जानकारी देकर निर्देशित किया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित करें।

0 टिप्पणियाँ