शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौचोनी में बुधवार शाम एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार किसान वीरसिंह लोधी पुत्र भगवानदास लोधी की करीब 5 बीघा में लगी गेहूं की फसल अज्ञात कारणों के चलते आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ