शिवपुरी जिले के पुरानी शिवपुरी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर और उसके भाई के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए आज बुधवार की दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर पिछले चार साल से अपने साथ रख रहा था, लेकिन अब वह शादी से मुकर गया है। साथ ही, महिला ने अपने देवर पर भी कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता जो वर्तमान में मेडिकल कॉलेज के पीछे पीएम आवास कॉलोनी में रहती है, ने बताया कि उसकी मुलाकात मुकेश धाकड़ से एक बस यात्रा के दौरान हुई थी। मुकेश शिवपुरी से झांसी के बीच बस चलाता है। महिला के अनुसार, उसके पहले पति की मृत्यु सड़क हादसे में हो चुकी थी। मुकेश ने खुद को अकेला बताकर और शादी का वादा कर उसे अपने साथ रहने के लिए राजी कर लिया।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि लिव-इन रिलेशनशिप के दौरान मुकेश के भाई, धारा सिंह धाकड़ ने भी उसके साथ चार-पांच बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने इस बात का विरोध किया और मुकेश से शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला का आरोप है कि उसे जातिगत रूप से अपमानित किया जाता है और उसके साथ मारपीट भी की जाती है।
पीड़िता का कहना है कि वह पहले भी थाने में शिकायत लेकर गई थी, लेकिन वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि रसूखदारों के दबाव में पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। थक-हारकर महिला बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंची और दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

0 टिप्पणियाँ