Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : पिपरसमा अनाज मंडी में पानी की किल्लत पर हंगामा, किसानों और हम्मालों ने जताई नाराजगी

शिवपुरी जिले की पिपरसमा अनाज मंडी में बुधवार को पानी की गंभीर समस्या को लेकर किसानों और हम्मालों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच मंडी में पेयजल व्यवस्था ठप होने से नाराज किसानों ने हंगामा कर दिया। जब उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं हुई तो आक्रोशित किसान मंडी सचिव के दफ्तर में पहुंच गए और अपनी नाराजगी जताई।

इन दिनों जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसान ट्रॉलियों में प्याज भरकर रात से ही मंडी पहुंच रहे हैं। किसानों की फसल की बिक्री शाम तक होती है, जिसके कारण उन्हें पूरे दिन मंडी परिसर में रुकना पड़ता है। लेकिन मंडी में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि करोड़ों रुपए की लागत से बनी पिपरसमा अनाज मंडी को सर्वसुविधायुक्त बनाया गया था। यहां शुद्ध पेयजल, शौचालय, रात्रि विश्राम स्थल और फसल खरीदी के लिए बड़े-बड़े शेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही के चलते अब अधिकांश व्यवस्थाएं बदहाल हो चुकी हैं।

बुधवार को जब किसानों को पानी नहीं मिला तो उन्होंने मंडी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों को बताया गया कि मंडी के बोरवेल की मोटर चोरी हो गई है, जिसके चलते पानी की सप्लाई बाधित है। इसके बाद एक पानी का टैंकर मंगवाया गया, लेकिन वह भी कुछ ही देर में खाली हो गया। इससे किसानों का गुस्सा और बढ़ गया।

बाद में किसानों के साथ हम्माल भी उतर आए और उन्होंने भी पानी की समस्या को लेकर हंगामा किया। किसानों और हम्मालों ने मंडी में जल्द स्थायी पेयजल व्यवस्था करने की मांग की। काफी देर तक चले हंगामे के बाद मंडी प्रबंधन के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

वहीं इस पूरे मामले को लेकर मंडी सचिव बालेश शुक्ला से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ