Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : गोवंश की मौतों पर फूटा आक्रोश खुले में फेंके जा रहे केमिकल और मेडिकल कचरे की जांच हो, प्रशासन चलाए विशेष अभियान

गौ सेवक कल्लू महाराज ने उठाए गंभीर सवाल, मुख्यमंत्री से गौशाला निर्माण और गोवंश सुरक्षा की मांग

दिनारा। क्षेत्र में लगातार हो रही गोवंश की मौतों को लेकर गौ सेवक कल्लू महाराज ने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मेडिकल स्टोरों की एक्सपायरी दवाइयां, डेयरी में उपयोग होने वाले रासायनिक पदार्थ, होटलों और नाश्ता केंद्रों का कचरा तथा पॉलिथीन जैसी हानिकारक सामग्री खुले स्थानों पर फेंकी जा रही है, जिससे गोवंश प्रभावित हो रहा है।

कल्लू महाराज का दावा है कि क्षेत्र में कई गायें असामान्य व्यवहार कर रही हैं और कथित रूप से जहरीले पदार्थों के सेवन के कारण अब तक पांच गोवंशों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

उन्होंने शिवपुरी कलेक्टर, खाद्य सुरक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मेडिकल कचरे, डेयरी केमिकल, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों से निकलने वाले अपशिष्ट की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

कल्लू महाराज ने यह भी कहा कि दिनारा जैसी बड़ी पंचायत में आज तक गौशाला का अभाव चिंता का विषय है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से क्षेत्र में गौशाला निर्माण, निराश्रित गोवंश की सुरक्षा और उनके संरक्षण के लिए विशेष योजना लागू करने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि गोवंश की मौतों को लेकर गंभीर पहल नहीं हुई तो गौसेवक और सामाजिक संगठन व्यापक जनजागरण अभियान चलाएंगे। उनका कहना है कि गोवंश संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी भी है।


अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए तथा यदि कहीं लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जावे

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ