Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : कैमरे में कैद हुआ चोर, रिनोवेशन चल रहे मकान से टिल्लू पंप, ग्राइंडर सहित हजारों का सामान चोरी, घटना सीसीटीवी में कैद, स्मैकियों पर चोरी की शंका

शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोर ने हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर पहले मकान के सामने से गुजरते हुए रेकी करता दिखाई दे रहा है, इसके बाद वह वापस लौटता है और मकान में घुसकर सामान चोरी कर ले जाता है।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 25 स्थित विजय ट्रैक्टर एजेंसी के पीछे बोर वाली गली निवासी आमिर खान के मकान में इन दिनों रिनोवेशन का काम चल रहा है। आमिर खान ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह मकान की तराई कर मुख्य गेट पर ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। उस दिन कारीगर भी किसी कारणवश काम पर नहीं आए थे, जिससे मकान पूरी तरह सूना था।

शाम करीब 6 बजे जब वह वापस लौटे तो उन्हें टिल्लू पंप गायब मिला। शक होने पर उन्होंने पूरे मकान की जांच की तो अन्य सामान भी चोरी होना पाया गया। चोर टिल्लू पंप, ग्राइंडर मशीन, कटर मशीन, करीब 30 मीटर डोरी, वॉश बेसिन का टॉप और प्लास सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया।

पीड़ित ने देहात थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। आमिर खान का कहना है कि उनका परिवार दूसरे मकान में रहता है, जबकि जिस मकान में चोरी हुई वहां केवल मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी का फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया।


बताया जा रहा है कि देहात थाना क्षेत्र में छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में स्मैक के नशे की लत के शिकार कुछ युवक ऐसे अपराधों में शामिल रहते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ