शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुरानी शिवपुरी की कोरी गली (इमामबाड़ा) में बुधवार की शाम एक मामूली सी बात पर खूनी खेल खेला गया। घर के सामने बैठे पड़ोसी के कुत्ते को भगाना एक व्यक्ति को इतना भारी पड़ गया कि पड़ोसी दंपति ने लाठियों से पीट-पीटकर उनकी जान ले ली। इस हमले में मृतक की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने गुरुवार की सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादिया सेमुनिशा खान (50) पत्नी जफीर अहमद ने देहात थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि बुधवार (10 जून) की शाम करीब 7 बजे उनके पति जफीर अहमद नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह घर के पास पहुंचे, वहां पड़ोस में रहने वाले आशिफ खान का कुत्ता बैठा हुआ था। जफीर अहमद ने कुत्ते को वहां से भगा दिया।
बस इतनी सी बात पर भड़के पड़ोसी आशिफ खान और उसकी पत्नी साहिदा खान लाठियां लेकर बाहर निकल आए और गाली-गलौज करने लगे। जब जफीर खान ने गंदी गालियां देने से मना किया, तो आशिफ ने उनके सिर पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। बीच-बचाव करने आई पत्नी सेमुनिशा को भी साहिदा खान ने लाठियों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनके सिर, आंख के ऊपर और दोनों घुटनों में गंभीर चोटें आईं। इस पूरी वारदात को मौके पर मौजूद जावेद खान और जमील खान ने देखा।
हमले के बाद घायल महिला ने अपने बेटे चांद खान को फोन कर बुलाया। जब चांद खान अपने माता-पिता को मोटरसाइकिल पर बैठाकर रिपोर्ट दर्ज कराने थाने ले जा रहा था, तभी रास्ते में नीलगर चौराहा के पास आरोपी आशिफ और उसकी पत्नी साहिदा ने उन्हें फिर से घेर लिया। आरोपियों ने चलती बाइक को रोककर उनके साथ झूमा-झपटी की और बुजुर्ग जफीर अहमद को धक्का देकर नीचे पटक दिया। गिरते ही जफीर अहमद का सिर सड़क पर पड़े पत्थर से जा टकराया, जिससे उनके सिर से भारी मात्रा में खून बहने लगा। जाते-जाते आरोपी दंपति जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इस दूसरी घटना को हसन खान नामक युवक ने देखा।
जफीर अहमद की हालत नाजुक होने के कारण बेटा चांद खान उन्हें तुरंत जिला अस्पताल शिवपुरी ले गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी जफीर अहमद को बचाया नहीं जा सका और देर रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल पत्नी सेमुनिशा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आज गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर आरोपी आशिफ खान और उसकी पत्नी साहिदा खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। एक मामूली विवाद में हुई इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।

0 टिप्पणियाँ