शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र की तारकेश्वरी कॉलोनी में घरेलू गैस सिलेंडर में कम गैस मिलने पर हंगामा हो गया। उपभोक्ता कैलाश सोनी के घर गैस एजेंसी का हॉकर सिलेंडर लेकर पहुंचा था। सिलेंडर की तौल कराने पर उसमें करीब 3 किलो गैस कम निकली, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर पार्षद विजय शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने वाहन में रखे अन्य सिलेंडरों की भी तौल कराने की बात कही। इसी दौरान हॉकर वाहन लेकर निकलने लगा और पार्षद विजय शर्मा की बाइक में टक्कर मारकर मौके से भाग गया।
इसके बाद पार्षद विजय शर्मा और मोहित सोनी ने उसका पीछा किया और नीलगर चौराहे के पास वाहन को पकड़ लिया। वहां से हॉकर और वाहन को देहात थाना लाया गया। लेकिन थाने पहुंचने के बाद भी हॉकर वाहन लेकर निकल गया।
बाद में पुलिस ने गैस एजेंसी से संपर्क कर वाहन को दोबारा थाने बुलवाया। इस दौरान कुछ देर तक थाने में हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में मामला शांत हुआ और वाहन को जाने दिया गया।
वहीं हॉकर का कहना था कि एक सिलेंडर को लेकर पहले भी शिकायत मिली थी। वह उस सिलेंडर को उपभोक्ता के घर से बदलकर वापस लेकर आया था। उसी सिलेंडर को गलती से कैलाश सोनी के यहां दे दिया गया, जिसके कारण यह स्थिति बनी। फिलहाल मामले को लेकर जांच की मांग की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ