Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : जीजा ने लगाया नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, साले ने बताया पुराने उधार के पैसे का मामला



शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को उस समय नया मोड़ आ गया जब फतेहपुर निवासी नारायण सिंह जाटव ने अपने साले रवि जाटव एवं उसके मित्र शिवम शर्मा पर नौकरी दिलाने के नाम पर ₹50 हजार लेने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया 

शिकायतकर्ता नारायण सिंह जाटव का आरोप है कि उससे नौकरी लगवाने का आश्वासन देकर ₹50 हजार लिए गए, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही उसकी राशि वापस की गई। इसी संबंध में उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।

वहीं दूसरी ओर इस मामले में साले रवि जाटव ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। रवि का कहना है कि यह मामला नौकरी दिलाने का नहीं बल्कि पुराने लेन-देन का है। उसके अनुसार नारायण सिंह जाटव पर उसके पुराने उधार के पैसे बकाया थे, जिनकी मांग किए जाने पर यह विवाद उत्पन्न हुआ। रवि का दावा है कि नारायण द्वारा उसके खाते में लगभग ₹30 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे, जो पुराने आर्थिक लेन-देन का हिस्सा थे।

रवि जाटव ने यह भी कहा कि उसके मित्र शिवम शर्मा का इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है और उसे जानबूझकर विवाद में घसीटकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

अब पूरे मामले में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामला आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है और पुलिस शिकायत के आधार पर तथ्यों का परीक्षण कर रही है।

(नोट: यह समाचार संबंधित पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयानों पर आधारित है। मामले की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ