शिवपुरी। शहर की बेलगाम यातायात व्यवस्था और सड़कों पर पसरे अतिक्रमण को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार शाम खुद कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक (SP) यांगचेन डोलकर भूटिया सड़कों पर उतरे और माधव चौक से लेकर कोर्ट रोड तक का बारीकी से निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों को कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी कि सड़क पर अवैध कब्जे और अव्यवस्थित पार्किंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
'प्रेम स्वीट्स' पर चला प्रशासन का चाबुक, हटवाए गए स्टॉल
शहर के अतिव्यस्ततम माधव चौक चौराहे पर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा की नज़र प्रसिद्ध 'प्रेम स्वीट्स' के बाहर लगे अवैध स्टॉल्स पर पड़ी। कलेक्टर ने मौके पर ही मौजूद नगर पालिका और यातायात पुलिस की टीम को तुरंत निर्देश देकर दुकान के बाहर सड़कों पर लगे स्टॉल्स को हटवाया।
इसके साथ ही दुकान संचालक को कड़ी हिदायत दी गई कि भविष्य में सड़क पर दुकान का सामान या स्टॉल लगाकर अतिक्रमण न किया जाए और ग्राहकों के वाहनों के लिए उचित पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
व्यापारियों ने फूलमाला पहनाकर कलेक्टर का किया स्वागत
अतिक्रमण विरोधी इस सख्त अभियान का असर कोर्ट रोड पर साफ दिखाई दिया, जहाँ से हाल ही में अतिक्रमण हटाया गया था। सड़क चौड़ी और यातायात सुगम होने पर स्थानीय व्यापारियों ने खुशी जताते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा को फूलमाला पहनाकर उनका आभार व्यक्त किया।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिवपुरी हम सबका शहर है। सुगम आवागमन और जाम से मुक्ति के लिए दुकानदारों को खुद आगे आकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना होगा।
दुकान के बाहर डस्टबिन रखें, कचरा फैलाया तो होगी कार्रवाई
यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कलेक्टर ने 'स्वच्छ शिवपुरी' अभियान के तहत दुकानदारों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुकानों के बाहर कचरा फैलाना बंद करें। हर व्यापारी अपनी दुकान के बाहर अनिवार्य रूप से डस्टबिन (कूड़ादान) रखे और आने वाले ग्राहकों को भी सड़क पर गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित करे।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समझाइश के बाद भी यदि दुकानदारों और वाहन चालकों के रवैये में सुधार नहीं हुआ, तो भारी जुर्माना और जब्ती जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी

0 टिप्पणियाँ