शिवपुरी, 05 जून 2026। शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम व्यावसायिक मार्ग कोर्ट Road को आदर्श सड़क के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। माननीय कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में गुरुवार को सड़क की नापतौल एवं प्रारंभिक सीमांकन के बाद शुक्रवार को एसडीएम शिवपुरी श्री आनंद सिंह राजावत, एसडीओपी श्री संजय चतुर्वेदी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री इशांक धाकड़, यातायात पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की वर्तमान स्थिति, यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था तथा अतिक्रमण संबंधी समस्याओं का अवलोकन किया। प्रशासन का उद्देश्य कोर्ट रोड को ऐसा मॉडल मार्ग बनाना है जहां यातायात सुचारू रूप से संचालित हो, नागरिकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े तथा व्यापारिक गतिविधियां भी व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकें।*
*गुरुवार को किए गए सीमांकन के आधार पर सड़क की चौड़ाई का पुनः परीक्षण किया गया तथा उन स्थानों का निरीक्षण किया गया जहां अव्यवस्थित पार्किंग और अस्थायी व्यवसायों के कारण मार्ग संकरा हो रहा है। अधिकारियों ने संबंधित व्यवसायियों से चर्चा कर उन्हें प्रशासन की प्रस्तावित व्यवस्था से अवगत कराया तथा सहयोग की अपेक्षा की।*
*कोर्ट रोड क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है। प्रशासन की योजना है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का विकास कर सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े होने वाले वाहनों को नियंत्रित किया जाए। इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क की उपयोगिता बढ़ेगी।*
*निरीक्षण के दौरान दुर्गा टॉकीज एवं जैन मंदिर के सामने स्थित क्षेत्र का भी अवलोकन किया गया, जहां पूर्व से पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रही है। अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को निर्धारित सीमा में रहकर गतिविधियां संचालित करने तथा सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।*
*गांधी चौक क्षेत्र को कोर्ट रोड का सबसे संवेदनशील एवं व्यस्त बिंदु माना गया है, जहां अक्सर यातायात बाधित होता है। प्रशासन द्वारा यहां सड़क किनारे बैठे पटवा व्यवसायियों को वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे खाली होने वाले स्थान का उपयोग दुपहिया वाहन पार्किंग के रूप में किया
जा सकेगा, जिससे जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
*इस अभियान में यातायात पुलिस एवं नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम द्वारा सड़क मापन, पार्किंग चिन्हांकन, यातायात प्रबंधन एवं नागरिकों को नई व्यवस्थाओं की जानकारी देने का कार्य किया गया। संयुक्त प्रयासों से कोर्ट रोड को व्यवस्थित एवं आदर्श सड़क के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया को गति मिली है।*
*मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री इशांक धाकड़ ने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात सुधार एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कोर्ट रोड को शिवपुरी की सबसे व्यवस्थित एवं आदर्श सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ