शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के पिपरोदा अटलपुर गांव में एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने रेंज और पुलिस को सूचना देने के शक में पहले उसके ट्रैक्टर में टक्कर मारी और फिर लाठियों व लात-घूंसों से मारपीट कर घायल कर दिया।
पिपरोदा अटलपुर निवासी अर्जुन सिंह गुर्जर ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे वह गांव में लाल साहब गुर्जर के घर के सामने खड़ा था। तभी गांव के सादान गुर्जर, रामकृष्ण गुर्जर और राजू गुर्जर ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
फरियादी के अनुसार सादान गुर्जर ने लाठी से उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। इसके बाद राजू गुर्जर ने उसके दाहिने हाथ पर और रामकृष्ण गुर्जर ने बाएं हाथ की उंगली के पास लाठी मार दी। इसके बाद तीनों ने उसे जमीन पर पटककर लात-घूंसों से मारपीट की।
अर्जुन सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने उसके ट्रैक्टर में भी अपने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
वहीं चरण सिंह ने बताया कि सादान, रामकृष्ण और राजू गुर्जर क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हैं। उन्हें शक था कि रेंज विभाग और पुलिस को उनके खिलाफ सूचना उनके परिवार की ओर से दी जाती है। इसी रंजिश के चलते यह घटना हुई है।
मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। बदरवास थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ