Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : दबंगई की हद: खेत में भैंस घुसने के विवाद में चली गोली!"



शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी मजरा रट्ठा में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि खेत में मवेशी घुसने की शिकायत करने पर एक ही परिवार के तीन लोगों पर लाठी, लुहांगी, सरिया और बंदूक से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में पिता, वृद्ध मां और पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। खनियांधाना पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने के बाद पीड़ित परिवार ने बुधवार की दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक शिवपुरी की शरण ली और न्याय की गुहार लगाई।

पीड़ित हरविलास कुशवाह ने बताया कि 16 जून की दोपहर करीब 3 बजे गांव के ही रामेश्वर यादव, शेरू यादव, रितिक, भोला और राजेश यादव की भैंसें उनके खेत में घुसकर फसल बर्बाद कर रही थीं। हरविलास ने मवेशियों को भगाकर शालीनता से रामेश्वर से शिकायत की। इसी बात से नाराज होकर शाम करीब 6 बजे आरोपी एक राय होकर लाठी, सरिया, फरसा और बंदूक लेकर हरविलास के घर पर चढ़ आए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रितिक यादव ने हरविलास के सिर पर सरिए से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आई वृद्ध मां रामकली को शेरू यादव ने लाठियों से पीटा। इसी बीच आरोपी रामेश्वर यादव ने जान से मारने की नीयत से हरविलास पर बंदूक से फायर कर दिया, लेकिन निशाना चूकने से उसकी जान बच गई। पिता को बचाने आए पुत्र सतानंद पर राजेश यादव ने लुहांगी से हमला किया, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी दे गए।


पीड़ित का आरोप है कि लहूलुहान हालत में जब वे खनियांधाना थाने पहुंचे, तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की और झूठा आश्वासन देकर भगा दिया। एफआईआर दर्ज न होने और मेडिकल न कराए जाने से परेशान पीड़ित ने आज एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी, मेडिकल परीक्षण और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ